Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर पाण्डेयपुर कॉलोनी में जल निकासी की समस्या से परेशान मोहल्लेवासी

पाण्डेयपुर कॉलोनी में जल निकासी की समस्या से परेशान मोहल्लेवासी

0

अम्बेडकर नगर। नगर पालिका जलालपुर क्षेत्र के वार्ड संख्या आठ पांडेपुर कॉलोनी के लोगों को जल निकासी की समस्या से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य सड़क पर हमेशा पानी जमा रहने से राहगीरों और स्थानीय निवासियों की आवाजाही दुश्वार हो गई है। बरसात न होने के बावजूद गंदा पानी जमा रहना लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है।

मोहल्लेवासियों ने बताया कि जलभराव की शिकायत कई बार नगर पालिका प्रशासन से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। लगातार पानी भरे रहने से मच्छरों और बदबू की समस्या बढ़ रही है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा मंडरा रहा है।

स्थानीय निवासी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि घर के सामने सड़क पर हमेशा पानी भरा रहता है, जिससे निकलना बेहद मुश्किल हो गया है। बच्चों और बुजुर्गों को रोज़ परेशानी झेलनी पड़ती है। वहीं अशोक, विनोद और इरफान अली ने नगर पालिका पर उपेक्षा और मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो मोहल्लेवासी आंदोलन करने को विवश होंगे।

इस संबंध में नगर पालिका के वरिष्ठ लिपिक राम प्रकाश पांडे ने बताया कि पानी की निकासी का उचित मार्ग न होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हो रही है। संबंधित क्षेत्र के लिए नई नाली निर्माण कार्य योजना भेजी गई है, जिसे जल्द ही स्वीकृत कराकर दुरुस्त किया जाएगा।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए, ताकि क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी संकट न उत्पन्न हो।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version