Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या नगर निगम की ओटीएस योजना से बकायेदारों को राहत, ब्याज होगा माफ

नगर निगम की ओटीएस योजना से बकायेदारों को राहत, ब्याज होगा माफ

0

अयोध्या। नगर निगम अयोध्या ने गृहकर और जलकर के पुराने बकायेदारों को राहत देने के लिए वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना लागू कर दी है। योजना के तहत बकायेदारों को केवल बकाया मूलधन जमा करना होगा, जबकि मूलधन पर लगा ब्याज माफ किया जाएगा। योजना के पहले दिन ही 12 बकायेदारों ने आवेदन कर योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक लंबे समय से गृहकर अथवा जलकर जमा नहीं करने वाले भवन स्वामी ओटीएस के माध्यम से अपने बकाये का निस्तारण करा सकते हैं। योजना का उद्देश्य बकायेदारों पर बढ़ते ब्याज के आर्थिक बोझ को कम करने के साथ ही नगर निगम के लंबित राजस्व की वसूली में तेजी लाना है।

योजना के शुभारंभ के अवसर पर नगर निगम सभागार में अपर नगर आयुक्त सुमित कुमार और जोनल अधिकारी सुभाष त्रिपाठी की मौजूदगी में बकायेदारों के आवेदन लिए गए। अधिकारियों ने प्रपत्रों की जांच करने के साथ ही आवेदकों को योजना के तहत बकाया निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी दी।

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेंद्र कुमार ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के ऐसे भवन स्वामी जिन पर गृहकर या जलकर बकाया है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत ओटीएस योजना का लाभ ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि मूलधन जमा करने पर देय ब्याज में छूट मिलने से पुराने बकायेदारों को राहत मिलेगी।

नगर निगम ने बकायेदारों से अपील की है कि वे योजना का लाभ उठाते हुए समय से आवेदन करें और मूलधन जमा कर अपने पुराने कर बकाये का निस्तारण कराएं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version