अयोध्या। सोहावल तहसील क्षेत्र के रौनाही–डेवढ़ी मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण के दौरान कथित रूप में अतिक्रमण सूची में शामिल ईदगाह को न हटाए जाने के विरोध में विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने तहसील सोहावल परिसर में धरना देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सड़क चौड़ीकरण में पेड़, मकान और कई निर्माण हटाए गए, लेकिन डेवढी बाजार स्थित ईदगाह को अतिक्रमण में पाए जाने के बावजूद छोड़ दिया गया, जिसके कारण सड़क टेढ़ी बन गई और यातायात प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि कई बार प्रशासन को प्रार्थना पत्र देकर नापजोख कराई गई, जिसमें ईदगाह का हिस्सा सड़क भूमि पर पाया गया, फिर भी कार्यवाही नहीं हुई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक अतिक्रमण नहीं हटाया जाता, धरना जारी रहेगा।
मामले में उपजिलाधिकारी सोहावल सविता देवी ने बताया कि पुनः पैमाइश कराई जाएगी और अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर परमात्मा दास महंत भरतकुंड छोटी छावनी, महंत संत दास बड़ी छावनी अयोध्या, राजेश सिंह, कथा व्यास पवन देवदास, अंधी अंधा आश्रम के संत राधा कृष्ण आनंद सरस्वती महाराज, महंत ज्वाला माई मंदिर खिरौनी राम अभिलेख नाथ, विश्व हिन्दू परिषद जिलाध्यक्ष उदयभान उपाध्याय, बजरंग दल जिला मंत्री लालजी शर्मा,जिला संजोजक बजरंग दल सूर्यकांत, विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री जितेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष अरुण तिवारी, संघ सेवा प्रमुख पुष्कर तिवारी, प्रभाकर सिंह, जिला पंचायत सदस्य चंद्रभान सिंह, धर्मेन्द्र सिंह, साहब दीन पाण्डेय, सहित बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा रहे।