Wednesday, November 11, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्या220 टन रेत से तैयार राम दरबार को बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड...

220 टन रेत से तैयार राम दरबार को बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में मिली जगह


◆ सरयू की रेत से बनाई गई 58 फीट लंबी और 20 फीट ऊंची भव्य कलाकृति


◆ सात दिनों की मेहनत से तैयार हुआ राम दरबार और राम मंदिर का स्वरूप, उपराष्ट्रपति ने की सराहना


अयोध्या। दीपोत्सव-2026 के अवसर पर रामनगरी अयोध्या में सरयू की रेत से तैयार भव्य राम दरबार की कलाकृति ने विश्व रिकॉर्ड बनाया है। अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने अपने सहयोगियों के साथ रामकथा पार्क में 220 टन सरयू की रेत से 58 फीट लंबी और 20 फीट ऊंची राम दरबार एवं राम मंदिर की विशाल कलाकृति तैयार की। इस कलाकृति को बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। इसके लिए कलाकार को डिजिटल प्रमाणपत्र भी प्रदान किया गया है।


सात दिनों में तैयार हुई कलाकृति


कलाकृति का निर्माण 30 अक्टूबर को शुरू हुआ था। सात दिनों की लगातार मेहनत के बाद सात नवंबर को इसे अंतिम रूप दिया गया। कलाकार मधुरेंद्र कुमार के अनुसार, यह उनकी पहली राम दरबार कलाकृति है और रेत से निर्मित विश्व की सबसे लंबी कलाकृति है। इसमें राम दरबार के साथ राम मंदिर का भव्य स्वरूप उकेरा गया है। कलाकृति के माध्यम से विश्व शांति, मानवता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया है।

दीपोत्सव के उद्घाटन समारोह के दौरान उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कलाकृति का अवलोकन किया। उपराष्ट्रपति ने कलाकार की सराहना करते हुए ‘वेल डन’ कहा। वहीं मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि अयोध्या में सृजित ऐसी ऐतिहासिक कला को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।


गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की प्रक्रिया जारी


मधुरेंद्र कुमार ने 30 अक्टूबर को बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए आवेदन संबंधी सूचना भेजी थी। सात नवंबर को बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने ईमेल के माध्यम से इसकी स्वीकृति दी। रिकॉर्ड संख्या IND/2026/001810 के तहत कलाकृति को दर्ज कर डिजिटल प्रमाणपत्र जारी किया गया है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की प्रक्रिया अभी जारी है।


25 से अधिक देशों में कर चुके हैं भारत का प्रतिनिधित्व


बिहार के पूर्वी चंपारण निवासी मधुरेंद्र कुमार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी सैंड आर्ट के लिए पहचान रखते हैं। वह अब तक 25 से अधिक देशों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और उनके नाम 12 से अधिक विश्व रिकॉर्ड दर्ज हैं। रेत के अलावा कोयले की राख, पत्तियों, फल-सब्जियों और पुनर्चक्रित सामग्री से भी वह कलाकृतियां बनाते हैं। पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नशामुक्ति और विश्व शांति जैसे विषय उनकी कला के प्रमुख आधार रहे हैं। अयोध्या में तैयार यह कलाकृति दीपोत्सव के सांस्कृतिक आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments