Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल, जलभराव और खुले सीवर चैंबर से...

सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल, जलभराव और खुले सीवर चैंबर से मोहल्लेवासियों में आक्रोश

0

अयोध्या। लक्ष्मण घाट वार्ड और छोटी देवकली के बीच मकसूदन स्कूल से लोटनी भवानी मंदिर स्कूल तक अयोध्या विकास प्राधिकरण की ओर से कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में जलभराव समेत अन्य समस्याएं बढ़ सकती हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क को कई स्थानों पर ऊंचा और कहीं नीचा बनाया जा रहा है। इससे बारिश के दौरान पानी की निकासी प्रभावित होने और जलभराव की आशंका बनी हुई है। वहीं, सड़क निर्माण के बाद सीवर चैंबर भी कई जगह सड़क की सतह से ऊपर या नीचे रह गए हैं। कुछ स्थानों पर सीवर चैंबर के ऊपर रखे पत्थर खुले पड़े होने से राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

मोहल्लेवासियों का कहना है कि निर्माण कार्य शुरू हुए करीब एक माह हो चुका है, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता की नियमित निगरानी नहीं दिखाई दे रही है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की जांच कराने और निर्धारित मानकों के अनुसार काम कराने की मांग की है।

पार्षद प्रतिनिधि महेंद्र शुक्ला ने भी निर्माण कार्य पर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क को कहीं ऊंचा तो कहीं नीचा बनाया जा रहा है। इसके कारण जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर सीवर चैंबर के ऊपर रखे पत्थर खुले पड़े हैं, जिससे राहगीरों के साथ हादसे की आशंका बनी हुई है।

महेंद्र शुक्ला ने संबंधित विभाग से सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने और कमियों को दूर कर मानकों के अनुरूप कार्य कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्माण कार्य में सुधार नहीं किया गया और समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे विभाग के खिलाफ आंदोलन करेंगे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version