◆ बेसमेंट में आईसीयू संचालन नियम विरूद्ध, स्वीकारोक्ति के बावजूद नहीं दे सके ठोस स्पष्टीकरण, जवाबों से ज्यादा उलझे तर्क
अयोध्या। इंजेक्शन की ओवरडोज से महिला की मौत के गंभीर आरोपों के पांच दिन बाद सामने आए निर्मला अस्पताल के पक्ष ने शंकाओं को कम करने के बजाय और गहरा कर दिया। सिविल लाइन स्थित एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आर.के. बनौधा ने मौत का कारण बीमारी बताते हुए ओवरडोज की बात को साजिश करार दिया, लेकिन उनके बयान विरोधाभासों से भरे नजर आए।

डॉ. बनौधा ने दावा किया कि महिला की मौत किसी अन्य अस्पताल में हुई और उसी अस्पताल द्वारा जारी डेथ सर्टिफिकेट के आधार पर वह अपनी बात रख रहे हैं। हालांकि, सवाल यह उठा कि यदि मृत्यु किसी अन्य अस्पताल में हुई थी, तो निर्मला अस्पताल के ईएमओ द्वारा इंजेक्शन ओवरडोज से संबंधित नोट कैसे और क्यों लिखा गया। इस पर डॉ. बनौधा ने कहा कि यह नोट ईएमओ डा संदीप सिंह ने परिजनों के दबाव में लिखा था, लेकिन इतनी गंभीर बात लिखित रूप में देने को लेकर वह कोई ठोस स्पष्टीकरण नहीं दे सके।



