Tuesday, August 18, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरजलालपुर में पल्स पोलियो अभियान का आगाज, पहले दिन दो हजार से...

जलालपुर में पल्स पोलियो अभियान का आगाज, पहले दिन दो हजार से अधिक बच्चों को दवा


जलालपुर, अंबेडकर नगर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को जलालपुर ब्लॉक क्षेत्र में पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का अभियान शुरू हो गया। अभियान के पहले दिन विभिन्न बूथों पर दो हजार से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। अभिभावकों ने उत्साह के साथ अपने बच्चों को बूथों पर लाकर ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाई।

स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। पूरे ब्लॉक में 204 टीमों का गठन किया गया है। इनके कार्यों की निगरानी के लिए 33 सुपरवाइजर तथा पांच चिकित्सा अधिकारियों की तैनाती की गई है। विभागीय अधिकारी लगातार अभियान की समीक्षा कर रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांवों, कस्बों और बाजारों में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। लोगों को बताया जा रहा है कि बार-बार पोलियो की खुराक देना बच्चों के लिए पूरी तरह सुरक्षित और आवश्यक है।

29 जून से 6 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। इस अभियान के तहत जलालपुर ब्लॉक में 53,868 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि यदि किसी कारणवश उनका बच्चा बूथ तक नहीं पहुंच पाया है, तो घर-घर पहुंचने वाली टीमों से संपर्क कर बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलवाएं। अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक टीम को निर्धारित क्षेत्र आवंटित किया गया है और नियमित रूप से उनकी मॉनिटरिंग की जा रही है। विभाग का उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंचकर पोलियो जैसी गंभीर बीमारी का पूर्ण उन्मूलन सुनिश्चित करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments