Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर जनहित सर्वोपरि, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त : एसडीएम प्रतीक्षा सिंह

जनहित सर्वोपरि, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त : एसडीएम प्रतीक्षा सिंह

0

अंबेडकर नगर। नव नियुक्त उपजिलाधिकारी प्रतीक्षा सिंह ने गुरुवार को अकबरपुर तहसील में कार्यभार ग्रहण कर लिया। वर्ष 2023 बैच की आईएएस अधिकारी प्रतीक्षा सिंह इससे पूर्व मेरठ में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पद पर कार्यरत थीं। मूल रूप से राजधानी दिल्ली निवासी प्रतीक्षा सिंह अपने अनुशासित कार्यशैली और जनसरोकारों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण के लिए जानी जाती हैं।

कार्यभार संभालते ही एसडीएम प्रतीक्षा सिंह ने साफ शब्दों में अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि तहसील में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और उसका समयबद्ध एवं विधिसम्मत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की कोताही कतई स्वीकार नहीं की जाएगी।

मीडिया से बातचीत के दौरान एसडीएम ने कहा, मैंने भारतीय प्रशासनिक सेवा को इसलिए चुना, ताकि आमजन की आवाज बन सकूं और उनकी समस्याओं का न्यायसंगत समाधान करा सकूं। मेरी प्राथमिकता रहेगी कि हर नागरिक को तहसील में न्याय मिले और उसे किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील प्रशासनिक प्रणाली को धरातल पर उतारने के लिए वह निरंतर प्रयासरत रहेंगी। उनका मानना है कि प्रशासनिक व्यवस्था तभी प्रभावी मानी जाएगी, जब आम जनता को उसका लाभ सीधे तौर पर प्राप्त हो।

प्रतीक्षा सिंह के कार्यभार ग्रहण करने के बाद तहसील परिसर में नई ऊर्जा का संचार देखने को मिला। स्थानीय लोग उम्मीद जता रहे हैं कि उनके नेतृत्व में आम जनता की समस्याओं का निष्पक्ष और प्रभावी समाधान सुनिश्चित होगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version