Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर एसीएमई प्रोजेक्ट प्रस्तुतीकरण में प्रो. मुकेश राना ने हासिल किया तृतीय स्थान

एसीएमई प्रोजेक्ट प्रस्तुतीकरण में प्रो. मुकेश राना ने हासिल किया तृतीय स्थान

0

अंबेडकर नगर। महमाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा शिक्षकों ने एडवांस कोर्स इन मेडिकल एजुकेशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया है। जनरल मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. मुकेश राना और फॉरेंसिक मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. अजफर मतीन ने छह माह का प्रतिष्ठित एसीएमई प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया। वहीं प्रो. डॉ. मुकेश राना ने अपने प्रोजेक्ट के प्रभावी प्रस्तुतीकरण के लिए प्रतिभागियों में सर्वश्रेष्ठ तृतीय पुरस्कार हासिल किया।

एसीएमई का अंतिम संपर्क प्रशिक्षण कार्यक्रम सात से नौ अगस्त तक किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, लखनऊ में आयोजित किया गया। इसमें प्रदेश के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के चिकित्सक एवं चिकित्सा शिक्षक शामिल हुए। छह माह के इस प्रशिक्षण का उद्देश्य चिकित्सा शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण-अधिगम पद्धतियों, प्रभावी मूल्यांकन, शैक्षणिक नवाचार और चिकित्सा शिक्षा अनुसंधान के क्षेत्र में दक्ष बनाना है।

प्रशिक्षण के दौरान प्रोफेसर डॉ. मुकेश राना ने अपने एसीएमई प्रोजेक्ट का प्रस्तुतीकरण किया। उत्कृष्ट प्रस्तुतीकरण के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। केजीएमयू की कुलपति ने उन्हें प्रमाणपत्र प्रदान किया। उनकी इस उपलब्धि पर महमाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉ. मुकेश कुमार यादव समेत समस्त चिकित्सा शिक्षकों ने बधाई दी।

कॉलेज प्रशासन के अनुसार एसीएमई प्रशिक्षण से शिक्षकों में आधुनिक और साक्ष्य आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाने की क्षमता बढ़ेगी। इसका लाभ महाविद्यालय के एमबीबीएस और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को मिलेगा। शिक्षण के साथ ही विद्यार्थियों के क्लिनिकल कौशल, अनुसंधान, नवाचार और व्यावसायिक दक्षता को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

प्रधानाचार्य ने दोनों शिक्षकों को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शिक्षकों की भागीदारी से महाविद्यालय में चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। प्रो. मुकेश राना की पुरस्कार प्राप्ति को महाविद्यालय परिवार ने शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version