◆ मौके पर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता अधिकारियों को फोन करके बताई कमियां, समय से पूरा करने का दिया निर्देश
◆ दीपोत्सव की तैयारियों की किया समीक्षा, समन्वय बनाकर सभी विभागो को बेहतर व्यवस्थाएं करने के लिए कहा
अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या आगमन से पहले विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने नाका क्षेत्र में हनुमानगढ़ी के सामने 14 कोसी परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण कर दीपोत्सव-2026 और आगामी परिक्रमा की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए सुगम और सुविधाजनक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। खासकर महिलाओं और बेटियों को परिक्रमा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने परिक्रमा मार्ग के निर्माण कार्य की धीमी गति पर चिंता जताई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) सीडी-3 के अधिशासी अभियंता सत्यपाल से फोन पर वार्ता कर निर्माण कार्य में तेजी लाने और परिक्रमा से पहले मार्ग को आवागमन योग्य बनाने को कहा। अधिशासी अभियंता ने निर्माण में देरी की वजह जल निगम की ओर से आवश्यक कार्य पूरा नहीं होना बताया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि परिक्रमा शुरू होने से पहले मार्ग को सुगम बना दिया जाएगा।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। रामननगरी में चौदह कोसी परिक्रमा में शामिल होने के लिए विभिन्न जनपदों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते है। इस बार भी परिक्रमा करने के लिए आस्था का जनसैलाब उमड़ेगा। परिक्रमार्थियों को हर प्रकार सुविधा प्रदान की जाएगी। जिसके लिए पहले से तैयारी की जा रही है। मौके पर मीडिया प्रभारी अमित कुमार मिश्र, प्रकाश मोदनवाल, सहित अन्य लोग मौजूद रहे।