Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या हर घर तिरंगा अभियान को लेकर तैयारियां तेज, गांवों से स्कूलों तक...

हर घर तिरंगा अभियान को लेकर तैयारियां तेज, गांवों से स्कूलों तक निकलेगी तिरंगा यात्रा

0

अयोध्या । स्वतंत्रता दिवस और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की और आयोजन को भव्य एवं गरिमापूर्ण बनाने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम में स्कूली बच्चों की सहभागिता बढ़ाई जाए। विद्यालयों में देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराने के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने के निर्देश भी दिए।

जिला विद्यालय निरीक्षक को 15 अगस्त को विद्यालयों में विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित कराने को कहा गया। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत किया जाए।


गांवों तक पहुंचेगा तिरंगा यात्रा का संदेश


मुख्य विकास अधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को जनपद के सभी विकासखंडों में तिरंगा यात्राएं आयोजित कराने के निर्देश दिए। ग्राम प्रधानों के माध्यम से प्रत्येक ग्राम पंचायत में भी तिरंगा यात्रा निकालने तथा इसमें ग्रामीणों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाया जाए। सभी आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य कोषाधिकारी ममता सिंह, डीसी एनआरएलएम, जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पर्यटन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सीडीओ ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि स्वतंत्रता दिवस और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान जिले में सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित हो सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version