Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर 50 घंटे से गुल रही बिजली, आक्रोशित व्यापारियों ने किया प्रदर्शन

50 घंटे से गुल रही बिजली, आक्रोशित व्यापारियों ने किया प्रदर्शन

0

बसखारी, अंबेडकर नगर। बसखारी बाजार में 50 घंटे से अधिक समय तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से नाराज व्यापारियों का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। व्यापारियों ने विद्युत विभाग की कार्यशैली के विरोध में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन की तैयारी शुरू कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस और विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जल्द आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।

जानकारी के अनुसार मकोईयां विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत बसखारी फीडर से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की जाती है। शुक्रवार देर शाम आई आंधी और बारिश के दौरान जहांगीरगंज रोड पर पेड़ गिरने से विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गया और तार टूट गए। इसके चलते पूर्वी चौराहे के आसपास के आवासीय इलाकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद विभाग की ओर से समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। उमस भरी गर्मी और अंधेरे से परेशान उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती गई। रविवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश सोनी के नेतृत्व में अजीत जायसवाल, रविकांत मद्धेशिया, गणेश, अच्छन खां, विशाल अग्रहरी समेत दो दर्जन से अधिक व्यापारी सड़क पर उतर आए और विभाग के खिलाफ प्रदर्शन की तैयारी करने लगे।

प्रदर्शन की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने विद्युत विभाग के अवर अभियंता अनिल कुमार वाल्मीकि को बुलाकर व्यापारियों से वार्ता कराई। अवर अभियंता ने शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद व्यापारियों ने प्रदर्शन स्थगित कर दिया।

उधर, शुकुल बाजार क्षेत्र में खेतों के बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के पोल और तार झुक जाने से किसानों और मजदूरों में भी दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार लाइनमैन और संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि झुके हुए पोल और तारों की वजह से कोई हादसा होता है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।

इस संबंध में अवर अभियंता अनिल कुमार वाल्मीकि से पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो सका।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version