अयोध्या। राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी के मामले में विशेष जांच दल (SIT) की अंतिम रिपोर्ट सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। SIT द्वारा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा को क्लीन चिट दिए जाने के बाद सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है।
सपा सांसद ने आरोप लगाया कि सरकार अपने लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मामला किसी व्यक्ति विशेष की संपत्ति का नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के दरबार और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है। उनके मुताबिक इस प्रकरण से अयोध्या की छवि प्रभावित हुई है। सांसद ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे को सदन में भी उठाया था और प्रधानमंत्री से निष्पक्ष जांच की अपेक्षा जताई थी।
अवधेश प्रसाद ने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार धर्म की हानि होने पर उसका हिसाब अवश्य होता है। उन्होंने दावा किया कि श्रीराम के नाम पर हुई किसी भी अनियमितता के लिए जिम्मेदार लोग भविष्य में जवाबदेह होंगे।
IPS आशुतोष मिश्रा की मां की मौत पर भी सवाल
अवधेश प्रसाद ने अंबेडकरनगर में IPS आशुतोष मिश्रा की माता के निधन के मामले को लेकर भी सवाल उठाए। वह शोक व्यक्त करने उनके आवास पहुंचे थे। सांसद ने कहा कि मृतका से उनका पुराना परिचय था और उन्होंने पूर्व में उनसे आशीर्वाद भी लिया था तथा उनके हाथों से भोजन किया था।
पुलिस की ओर से मौत की वजह हार्ट अटैक बताए जाने पर सांसद ने असहमति जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने दावा किया कि उन्हें जानकारी मिली है कि मृतका के मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था और आभूषण भी गायब थे। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
सांसद ने कहा कि मामले को किसी भी तरह तोड़-मरोड़कर पेश नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर वास्तविकता सामने लाने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की।