Tuesday, August 25, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यासंतों की बैठक पर पुलिस का पहरा, भड़के संतों ने लगाए ...

संतों की बैठक पर पुलिस का पहरा, भड़के संतों ने लगाए – ‘चंदा चोरों, अयोध्या छोड़ो’ के नारे


◆ चढावा चोरी व चंपत राय के विरोध में संतों की बैठक को लेकर अयोध्या में हंगामा


अयोध्या। चढावा चोरी व श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय के विरोध में प्रस्तावित संतों की बैठक को लेकर मंगलवार को अयोध्या में हंगामा हो गया। रामायणम आश्रम में होने वाली बैठक को प्रशासन की ओर से अनुमति नहीं मिलने के बाद संतों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई। संतों ने पुलिस पर आश्रम के मुख्य गेट पर ताला लगाने और कुछ संतों को नजरबंद करने का आरोप लगाया।

जानकारी के मुताबिक, चंपत राय के विरोधी गुट से जुड़े संतों ने कारसेवक पुरम के निकट रामायणम आश्रम में बैठक बुलाई थी। संतों का आरोप है कि बैठक शुरू होने से पहले ही पुलिस ने आश्रम के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया। कुछ संतों को भी कुछ समय के लिए बाहर निकलने से रोके जाने का आरोप लगाया गया। इसके बाद संतों में नाराजगी फैल गई और आश्रम के बाहर विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गया।



प्रदर्शन के दौरान संतों ने जिला प्रशासन पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के साथ मिलीभगत का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान ‘चंदा चोरों, अयोध्या छोड़ो’ जैसे नारे भी लगाए गए।

संतों का आरोप है कि राम मंदिर निर्माण के लिए प्राप्त चंदे से जुड़े मामलों की सच्चाई सामने नहीं आने दी जा रही है और जिम्मेदार लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

महंत जनमेजय शरण ने कहा कि जिन लोगों के पास से रिकवरी हुई उन पर किनका वरदहस्त था इसकी जांच होनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट या हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज से जांच कराई जाए।

कंप्यूटर बाबा ने कहा कि संत समाज चढ़ावा चोरी की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बड़ा आंदोलन करेगा। जरूरत पड़ी तो एक लाख संतों के साथ अयोध्या पहुंचकर आंदोलन किया जाएगा। संत रामलला के दर्शन कर भगवान श्रीराम से क्षमा मांगेंगे।

बैठक में शामिल महंत जन्मेजय शरण, प्रकाशानंद गिरि उर्फ कंप्यूटर बाबा और महामंडलेश्वर परमानंद गिरि समेत अन्य संतों ने आरोप लगाया कि मौजूदा ट्रस्ट संत समाज की भावनाओं का प्रतिनिधित्व नहीं कर रहा है।


ट्रस्ट भंग कर नया ट्रस्ट बनाने की मांग


विरोध प्रदर्शन कर रहे संतों ने वर्तमान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भंग कर संतों के नेतृत्व में नया ट्रस्ट गठित करने की मांग की। संतों का कहना है कि नया ट्रस्ट पारदर्शी तरीके से मंदिर से जुड़े कार्यों का संचालन करे और संत समाज की भावनाओं को उचित प्रतिनिधित्व मिले।

संतों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो जल्द ही अयोध्या में एक लाख संतों की महाबैठक बुलाई जाएगी। संतों ने कहा कि ऐसी स्थिति पैदा होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments