◆ चढावा चोरी व चंपत राय के विरोध में संतों की बैठक को लेकर अयोध्या में हंगामा
अयोध्या। चढावा चोरी व श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय के विरोध में प्रस्तावित संतों की बैठक को लेकर मंगलवार को अयोध्या में हंगामा हो गया। रामायणम आश्रम में होने वाली बैठक को प्रशासन की ओर से अनुमति नहीं मिलने के बाद संतों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई। संतों ने पुलिस पर आश्रम के मुख्य गेट पर ताला लगाने और कुछ संतों को नजरबंद करने का आरोप लगाया।
जानकारी के मुताबिक, चंपत राय के विरोधी गुट से जुड़े संतों ने कारसेवक पुरम के निकट रामायणम आश्रम में बैठक बुलाई थी। संतों का आरोप है कि बैठक शुरू होने से पहले ही पुलिस ने आश्रम के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया। कुछ संतों को भी कुछ समय के लिए बाहर निकलने से रोके जाने का आरोप लगाया गया। इसके बाद संतों में नाराजगी फैल गई और आश्रम के बाहर विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गया।
