◆ इंटरनल मेडिसिन में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला FACP सम्मान, चिकित्सा जगत में खुशी की लहर
अयोध्या। राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वीरेन्द्र वर्मा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अयोध्या का मान बढ़ाया है। चिकित्सा क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान और मरीजों की देखभाल के प्रति समर्पण को देखते हुए अमेरिकन कॉलेज ऑफ फिजिशियन्स (ACP) ने उन्हें प्रतिष्ठित फेलोशिप प्रदान की है। इस उपलब्धि के साथ ही डॉ. वर्मा चिकित्सा जगत के उन चुनिंदा विशेषज्ञों में शामिल हो गए हैं, जिन्हें यह विशिष्ट पहचान हासिल हुई है।
अमेरिका स्थित ACP मुख्यालय की ओर से भेजे गए बधाई संदेश में डॉ. वर्मा की उपलब्धि को उनके पेशेवर समर्पण, उत्कृष्ट रोगी सेवा और इंटरनल मेडिसिन के क्षेत्र में नेतृत्व क्षमता का प्रमाण बताया गया है। फेलोशिप मिलने के बाद अब वे अपने नाम के साथ FACP यानी ‘फेलो ऑफ द अमेरिकन कॉलेज ऑफ फिजिशियन्स’ लिख सकेंगे।
यह उपाधि चिकित्सा क्षेत्र में विशेष महत्व रखती है। इसे उन चिकित्सकों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान, मरीजों की देखभाल और सामाजिक सेवा के क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया हो। FACP की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिकित्सा विशेषज्ञता और पेशेवर उत्कृष्टता से जुड़ी हुई है।
अमेरिकन कॉलेज ऑफ फिजिशियन्स इंटरनल मेडिसिन के क्षेत्र का प्रमुख वैश्विक संगठन है। डॉ. वर्मा को मिली इस उपलब्धि पर चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता जताई है। उनकी सफलता को अयोध्या सहित पूरे पूर्वांचल और देश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।