Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या जर्मनी में अंतरराष्ट्रीय युवा राजनीतिक नेतृत्व कार्यक्रम में भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री...

जर्मनी में अंतरराष्ट्रीय युवा राजनीतिक नेतृत्व कार्यक्रम में भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री ने किया प्रतिभाग

0


अयोध्या। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह ने जर्मनी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय युवा राजनीतिक नेतृत्व कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम जर्मनी की प्रसिद्ध संस्था कोनराड एडेनॉयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें एशिया के विभिन्न देशों से आए युवा राजनीतिक एवं सामाजिक नेतृत्वकर्ताओं ने सहभागिता की।



कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने जर्मनी के फ्रैंकफर्ट, मैनहाइम तथा स्टटगार्ट नगरों का भ्रमण किया और बाडेनवुर्टेमबर्ग राज्य की चुनावी प्रक्रिया को निकट से समझने का अवसर प्राप्त किया। इस दौरान प्रतिभागियों ने जमीनी स्तर पर होने वाले चुनाव प्रचार, मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं तथा वहां के जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और विद्यार्थियों के साथ संवाद के माध्यम से जर्मनी की लोकतांत्रिक व्यवस्था की कार्यप्रणाली को समझा।

कार्यक्रम के दौरान युवा सहभागिता, संघीय शासन व्यवस्था तथा आधुनिक लोकतंत्र में नेतृत्व की भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा हुई। स्टटगार्ट में आयोजित बैठकों में बाडेन-वुर्टेमबर्ग की अंतरराष्ट्रीय सहयोग संस्था, विदेश संबंध संस्थान, स्टटगार्ट नगर प्रशासन के अंतरराष्ट्रीय संबंध विभाग तथा बाडेन-वुर्टेमबर्ग राज्य मंत्रालय के प्रतिनिधियों के साथ भी मंथन हुआ। इन बैठकों में अंतरराष्ट्रीय सहयोग, क्षेत्रीय कूटनीति तथा बाडेन-वुर्टेमबर्ग की एशिया-प्रशांत क्षेत्र से जुड़ी रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।

हर्षवर्धन सिंह ने भारत और बाडेन-वुर्टेमबर्ग के बीच औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं पर भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि भारत का मजबूत औद्योगिक तंत्र और कुशल मानव संसाधन, यदि बाडेन-वुर्टेमबर्ग की नवाचार क्षमता, इंजीनियरिंग कौशल और उन्नत विनिर्माण तकनीक के साथ जुड़े, तो दोनों क्षेत्रों के लिए नए अवसर उत्पन्न हो सकते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि जिस प्रकार बाडेन-वुर्टेमबर्ग राज्य का सहयोग महाराष्ट्र के साथ स्थापित है, उसी प्रकार भविष्य में उत्तर प्रदेश के साथ भी साझेदारी की संभावनाओं को तलाशा जा सकता है, क्योंकि उत्तर प्रदेश तेजी से उभरता हुआ औद्योगिक और निवेश का प्रमुख केंद्र बन रहा है।

समापन पर हर्षवर्धन सिंह ने आयोजक संस्था कोनराड एडेनॉयर फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय मंच युवा नेताओं को सीखने, संवाद करने और वैश्विक सहयोग की संभावनाओं को समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि इस अनुभव से लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली को समझने के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका को भी और अधिक गहराई से जानने का अवसर मिला।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version