Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर परिवार हॉस्पिटल के पांच वर्ष पूरे, नि:शुल्क चिकित्सा व रक्तदान शिविर में...

परिवार हॉस्पिटल के पांच वर्ष पूरे, नि:शुल्क चिकित्सा व रक्तदान शिविर में 200 से अधिक मरीजों की जांच

0

जलालपुर, अंबेडकर नगर। मगुराडिला स्थित परिवार हॉस्पिटल के पांच वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को अस्पताल परिसर में निश्शुल्क चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 200 से अधिक मरीजों की विभिन्न रोगों से संबंधित जांच की गई। जरूरतमंद मरीजों को निश्शुल्क दवाएं एवं जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

शिविर का शुभारंभ क्षेत्राधिकारी जलालपुर अनूप कुमार सिंह ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि निश्शुल्क चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर जरूरतमंद लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होते हैं। ऐसे सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी आयोजनों का समय-समय पर आयोजन होना चाहिए, जिससे अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।

शिविर में महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. अनामिता सिंह ने महिलाओं से संबंधित बीमारियों की जांच की। नाक, कान व गला रोगों की जांच डॉ. अंकित सिंह ने की, जबकि नाक संबंधी रोगों के मरीजों का परीक्षण डॉ. विशाल मिश्रा ने किया। नेत्र रोगों की जांच सिविल नेत्र चिकित्सक डॉ. सागर, एमएस सर्जन, टांडा ने की। शारदा नारायण हॉस्पिटल की डॉ. एकिका ने भी मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। चिकित्सकों ने मरीजों को बीमारियों से बचाव और उपचार के प्रति जागरूक किया।

शिविर के दौरान हमदर्द कबीला और परिवार हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर भी लगाया गया। इसमें एक दर्जन से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में योगदान दिया।

अस्पताल के संचालक डॉ. अंकित कुमार सिंह व डॉ. अनामिता सिंह ने अतिथियों, चिकित्सकों, रक्तदाताओं और शिविर में पहुंचे लोगों का स्वागत कर आभार जताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अस्पताल के संरक्षक अरुण सिंह ने की। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में भी इसी तरह के निश्शुल्क चिकित्सा एवं सामाजिक शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे। इस दौरान हमदर्द कबीला के संस्थापक मोहम्मद सद्दाम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version