Tuesday, November 17, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यापरिक्रमा मेला: 1500 सफाईकर्मियों के हवाले अयोध्या की स्वच्छता, 526 शौचालयों से...

परिक्रमा मेला: 1500 सफाईकर्मियों के हवाले अयोध्या की स्वच्छता, 526 शौचालयों से मिलेगी सुविधा


◆ सरयू तट पर महिलाओं के लिए 145 चेंजिंग रूम, पेयजल के लिए 40 टैंकर और 85 वाटर कूलर तैनात


◆ 25 वाटर कियोस्क के जरिए भी श्रद्धालुओं को मिलेगा पानी, घाटों से परिक्रमा मार्ग तक नगर निगम ने किए इंतजाम


अयोध्या। चौदहकोसी और पंचकोसी परिक्रमा में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने व्यवस्थाओं का बड़ा खाका तैयार किया है। परिक्रमा मार्गों से लेकर सरयू के घाटों तक स्वच्छता, पेयजल और सार्वजनिक सुविधाओं के लिए बड़ी संख्या में संसाधन लगाए गए हैं। नगर निगम ने सफाई व्यवस्था के लिए 1500 कर्मचारियों की तैनाती की है, वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 471 बायो शौचालय और 30 मोबाइल टॉयलेट स्थापित किए हैं। महिलाओं के लिए सरयू तट पर नौ स्थायी और 136 अस्थायी चेंजिंग रूम की निशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए मेला क्षेत्र में व्यापक प्रबंध किए गए हैं। सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सरयू के सभी घाटों पर नियमित सफाई के साथ विभिन्न स्थानों पर सहायता शिविर बनाए गए हैं। इन शिविरों में रोशनी, बैठने के लिए कुर्सियां और पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।


पेयजल के लिए 40 टैंकर, 85 वाटर कूलर


पेयजल व्यवस्था के आंकड़ों पर नजर डालें तो नगर निगम ने 40 वाटर टैंकरों को विभिन्न स्थलों पर लगाया है। इसके अतिरिक्त 85 वाटर कूलर और 25 वाटर कियोस्क की व्यवस्था की गई है। इनमें अयोध्या धाम में 48 वाटर कूलर और 18 वाटर कियोस्क तथा कैंट क्षेत्र में 37 वाटर कूलर और सात वाटर कियोस्क शामिल हैं। इस तरह श्रद्धालुओं को पानी उपलब्ध कराने के लिए स्थायी और अस्थायी दोनों तरह के इंतजाम किए गए हैं।


145 चेंजिंग रूम और 501 शौचालयों का प्रबंध


सरयू तट पर महिलाओं की सुविधा के लिए कुल 145 चेंजिंग रूम तैयार किए गए हैं। इनमें नौ स्थायी और 136 अस्थायी कक्ष शामिल हैं। वहीं, शौचालयों की व्यवस्था के तहत 471 बायो टॉयलेट और 30 मोबाइल टॉयलेट लगाए गए हैं। इसके अलावा सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों के माध्यम से भी प्रसाधन सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।


बिजली के खंभों पर सुरक्षा कवर, फुटपाथ कराए अतिक्रमण मुक्त


घाटों पर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विद्युत पोलों पर प्लास्टिक कवर लगाए गए हैं। परिक्रमा मार्गों पर बनाए गए शिविरों में रोशनी और विश्राम की व्यवस्था की गई है। बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, धर्मशालाओं, रेस्टोरेंट, होमस्टे और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। अयोध्या धाम में पैदल आवागमन को सुगम बनाने के लिए फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की गई है।

महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने बताया कि अयोध्या को स्वच्छ, सुंदर और पॉलीथीन मुक्त बनाए रखने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पब्लिक एड्रेस सिस्टम और वेरिएबल मैसेजिंग सिस्टम के माध्यम से श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने, पॉलीथीन का उपयोग नहीं करने तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments