जलालपुर, अंबेडकर नगर। अंबेडकरनगर प्रीमियर लीग न्यौरी सीजन-3 के लिए सोमवार को दुल्हूपुर स्थित आनंद मैरिज लॉन में क्रिकेट खिलाड़ियों की नीलामी संपन्न हुई। नीलामी में खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करने के लिए सभी 10 टीमों के मालिकों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। अयोध्या के क्रिकेट खिलाड़ी शिवम यादव को अपनी टीम में शामिल करने के लिए सभी टीम मालिकों ने बढ़-चढ़कर बोली लगाई। अंततः अयोध्या स्ट्राइकर्स के मालिक सौरभ यादव ने सर्वाधिक 1 लाख 30 हजार रुपये की बोली लगाकर उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। इस तरह शिवम यादव नीलामी के सबसे महंगे खिलाड़ी बने।
वहीं, नोएडा के क्रिकेट खिलाड़ी राज निषाद को अपनी टीम में लेने के लिए भी टीम मालिकों के बीच लगातार बोली लगती रही। अंत में इन्वेशन पब्लिक स्कूल न्यौरी टीम के मालिक एहसान फारूकी ने 1 लाख 5 हजार रुपये की सर्वाधिक बोली लगाकर उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। इसी क्रम में क्रिकेट खिलाड़ी अजीत यादव को लेकर भी टीम मालिकों में होड़ रही। अंततः गोरखपुर नवाब टीम के मालिक मनीष निषाद ने 1 लाख 10 हजार रुपये की बोली लगाकर उन्हें अपनी टीम का हिस्सा बनाया।
अंबेडकरनगर प्रीमियर लीग सीजन-3 की नीलामी में कुल 335 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से लगभग 200 खिलाड़ियों पर बोली लगाकर टीमों ने उन्हें खरीदा। वहीं, 135 खिलाड़ी नीलामी में नहीं बिक सके।
टूर्नामेंट के आयोजक एवं पूर्व क्रिकेटर फैयाज़ फारूकी ने कहा कि जो खिलाड़ी आज नीलामी में नहीं बिक सके हैं, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। उन्हें अपने खेल में सुधार करते हुए कड़ी मेहनत और लगन के साथ अभ्यास जारी रखना चाहिए। मेहनत करने वालों को सफलता अवश्य मिलती है।
नीलामी कार्यक्रम का सफल संचालन इन्वेशन पब्लिक स्कूल के मैनेजर एहसान फारूकी ने किया। इस अवसर पर सभी 10 टीमों के मालिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजक फैयाज़ फारूकी ने सभी अतिथियों, टीम मालिकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
आयोजन में पूर्व क्रिकेटर फैयाज़ फारूकी, अब्दुल माबूद फारूकी, कासिम फारूकी, राघवेंद्र सिंह उर्फ बब्बन सिंह, विवेक तिवारी उर्फ बंटी तिवारी, समाजसेवी मुदस्सिर खालिद फारूकी, नरेंद्र यादव, डॉ. आसिम अबूजर फारूकी, एकेडमी के हेड कोच राहुल सिंह, प्रिस यादव सहित एकेडमी के खिलाड़ियों का विशेष सहयोग रहा।