Tuesday, November 17, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरनाबालिगों को वाहन न दें अभिभावक, सड़क सुरक्षा के लिए पुलिस ने...

नाबालिगों को वाहन न दें अभिभावक, सड़क सुरक्षा के लिए पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान


अंबेडकर नगर। यातायात नियमों की अनदेखी सड़क हादसों की बड़ी वजह बन रही है। ऐसे में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने जागरूकता के साथ कार्रवाई भी तेज कर दी है। यातायात माह नवंबर के तहत मंगलवार को बीएन इंटर कॉलेज, अकबरपुर में यातायात जनजागरूकता कार्यशाला आयोजित कर छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़ाया गया। वहीं, ऑपरेशन सेफ स्पीड के तहत ओवरस्पीडिंग करने वाले 340 वाहनों का चालान किया गया।

पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यशाला में यातायात पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति नहीं है। अभिभावक भी अपने नाबालिग बच्चों को वाहन की चाबी न सौंपें।

इसके अलावा जेब्रा क्रॉसिंग से सड़क पार करने, फुटपाथ का इस्तेमाल करने, यातायात संकेतों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से साइकिल चलाने के बारे में समझाया गया। विद्यार्थियों से खुद नियमों का पालन करने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गई।


510 वाहनों का चालान, 15 चालक नशे में मिले


यातायात पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर मंगलवार को कुल 510 वाहनों का चालान किया। इनमें 340 वाहन ओवरस्पीडिंग के मामले में कार्रवाई की जद में आए। यातायात माह के दौरान अब तक कुल 8,190 वाहनों का चालान किया जा चुका है। वहीं, नशे की हालत में वाहन चलाने वाले 15 चालकों पर 1.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments