Saturday, August 1, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यामेडिकल कॉलेज में 'बम बनाने की विधि' लिखे नोट से मचा हड़कंप

मेडिकल कॉलेज में ‘बम बनाने की विधि’ लिखे नोट से मचा हड़कंप


◆ एक्सरे टेक्निशियन प्रथम वर्ष का छात्र मो सरफराज हिरासत में, मोबाइललैपटॉप खंगाल रहीं जांच एजेंसियां


अयोध्या। दर्शननगर स्थित राजर्षि दशरथ राजकीय मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार और शनिवार की रात एक हस्तलिखित नोट मिलने के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। नोट के शीर्ष पर गोल घेरे में हिंदी में बम बनाने की विधि लिखा है। इसके साथ कथित तौर पर बम के चित्र और अन्य जानकारियां भी अंकित थीं। सूचना मिलते ही कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को बुलाया। पुलिस ने एक्सरे टेक्निशियन प्रथम वर्ष के छात्र मो. सरफराज को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कई जांच एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं।



प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मो. सरफराज शुक्रवार रात कॉलेज में ड्यूटी पर था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान वह एक कागज पर कुछ लिख रहा था। ड्यूटी बदलने के बाद जब दूसरे छात्र और स्टाफ वहां पहुंचे तो मेज पर पड़ा हस्तलिखित कागज उनकी नजर में आया। कागज में लिखी सामग्री देखकर सभी के होश उड़ गए। सूचना तत्काल प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरविंद सिंह को दी गई। इसके बाद पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी गई।

सरफराज ड्यूटी खत्म होने के बाद अपने कमरे में आराम कर रहा था। सूचना पर दर्शननगर चौकी पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया गया। इसके बाद विभिन्न जांच एजेंसियों ने कॉलेज पहुंचकर पड़ताल शुरू कर दी। छात्र के मोबाइल फोन और लैपटॉप को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। डिजिटल डाटा की जांच के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। इसके अलावा कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी छात्र मूल रूप से बलरामपुर जिले का रहने वाला है। जांच के क्रम में पुलिस ने उसके आवास और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की है। छात्र के संपर्क में रहने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

जांच के दौरान कॉलेज के दो अन्य छात्रों से भी पूछताछ की गई, जिनकी आरोपी छात्र से निकटता बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों से काफी देर तक विभिन्न बिंदुओं पर सवाल-जवाब किए। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। पुलिस छात्र की गतिविधियों और उसकी आवाजाही का क्रमवार विश्लेषण कर रही है। फिलहाल पुलिस और अन्य एजेंसियां मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments