अयोध्या। रामनगरी में रामकोट की नित्य परिक्रमा शुरू हुए एक वर्ष पूरा होने पर शुक्रवार को हजारों रामभक्तों ने रामकोट की परिक्रमा की। पूर्व ट्रस्ट सदस्य अनिल मिश्रा की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संतों और श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान राम नाम के जयघोष से परिक्रमा मार्ग गूंजता रहा। रामकोट की नित्य परिक्रमा की शुरुआत 21 अगस्त 2025 को हुई थी। इसके बाद पिछले एक वर्ष से संत और रामभक्त प्रतिदिन सुबह रामकोट की परिक्रमा कर रहे हैं। एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर शुक्रवार को विशेष आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों संतों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
परंपरा के अनुसार राम जन्मभूमि के चारों ओर स्थित मंदिरों की परिक्रमा का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। रामकोट की परिक्रमा के दौरान हनुमानगढ़ी सहित क्षेत्र के कई प्रमुख मंदिरों की भी परिक्रमा हो जाती है। श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ निर्धारित मार्ग पर परिक्रमा पूरी की।
राम मंदिर से जुड़े चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद पूर्व ट्रस्ट सदस्य अनिल मिश्रा पहली बार मीडिया के सामने आए। उन्होंने कहा कि रामकोट की नित्य परिक्रमा किसी व्यक्ति विशेष का कार्यक्रम नहीं, बल्कि रामभक्तों की आस्था और धार्मिक परंपरा से जुड़ी है।
उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष से प्रतिदिन संत और श्रद्धालु इस परिक्रमा में शामिल हो रहे हैं। एक वर्ष पूरा होने पर आयोजित कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में रामभक्तों की भागीदारी रही।
परिक्रमा के दौरान संतों और श्रद्धालुओं ने राम नाम का संकीर्तन और जयघोष किया। आयोजन के चलते रामकोट क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा।