Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर यातायात माह के सातवें दिन पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, 466 वाहनों...

यातायात माह के सातवें दिन पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, 466 वाहनों का हुआ चालान

0

अम्बेडकर नगर। शुक्रवार को यातायात माह-नवम्बर 2025 के सातवें दिन जनपद पुलिस व यातायात पुलिस द्वारा व्यापक यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत अस्पतालों, बाजारों, बस-स्टैंड, टेंपो स्टैंड व अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया और पम्पलेट बाँटकर नियमों का पालन करने की अपील की गई।

अभियान के दौरान बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, प्रदूषण प्रमाण पत्र, बीमा व ड्राइविंग लाइसेंस के बिना वाहन चलाने वालों की विशेष रूप से चेकिंग की गई। चार पहिया वाहनों से काली फिल्म हटवायी गई तथा ट्रकों के पीछे रिफ्लेक्टर व रिफ्लेक्टिव टेप लगाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने लोगों को सड़क सुरक्षा के महत्व और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने के लिए जागरूक किया।

यातायात माह के तहत ए आर टी ओ व प्रभारी यातायात द्वारा शहजादपुर व पटेल तिराहा पर संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। ढाबों व होटलों के पास खड़े ट्रक चालकों से संवाद कर वाहनों की सुरक्षा, गति सीमा और नशे की हालत में वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी गई। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर सख्ती बरती गई।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार को 466 वाहनों का चालान किया गया तथा आठ वाहनों से सात हजार पांच सौ शमन शुल्क जमा कराया गया। एक नवंबर से अब तक कुल 2,743 वाहनों के चालान किए गए हैं और 32 वाहनों से 44 हजार 500 सौ शमन शुल्क वसूल किया गया है। वहीं अब तक 2,910 लोगों को यातायात नियमों के बारे में जागरूक किया जा चुका है, तथा 980 पम्पलेट वितरित किए गए हैं।

नशे में वाहन चलाने की चेकिंग के दौरान 120 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से दो चालक शराब के प्रभाव में पाए गए। दोनों वाहन चालकों के विरुद्ध चालान कर 20 हजार का जुर्माना लगाया गया।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। हेलमेट, सीट बेल्ट का हमेशा प्रयोग करें और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version