अयोध्या। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा के जन्मदिन के अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा सेवा, संवेदना एवं संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण रानू के संयोजन में श्रीराम अवध अंध विद्यालय, कनीगंज में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेत्रहीन बच्चों को भोजन कराया और उनके साथ मिलकर केक काटकर प्रियंका गांधी वाड्रा का जन्मदिन मनाया। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली। आयोजन का उद्देश्य सेवा कार्यों के माध्यम से सामाजिक सरोकारों के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता को दर्शाना रहा।
मुख्य अतिथि सत्यनारायण पटेल ने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा करुणा, संघर्ष और सामाजिक न्याय की प्रतीक हैं। समाज के वंचित, पीड़ित और कमजोर वर्गों के प्रति उनकी संवेदनशीलता कांग्रेस पार्टी की मूल विचारधारा को प्रतिबिंबित करती है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी की 100 दिन की कार्य योजना को निष्ठा और ईमानदारी के साथ पूरा करने का संकल्प लेते हैं।
महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश में बढ़ती नफरत और सांप्रदायिकता के खिलाफ मजबूती से खड़ी है। प्रियंका गांधी का नेतृत्व अमन, भाईचारे और संविधान की रक्षा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि सेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रम कांग्रेस की जनहितैषी सोच को दर्शाते हैं।
पूर्व प्रदेश प्रवक्ता गौरव तिवारी वीरू और जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र मणि पांडे ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने और पार्टी की कार्य योजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह, पीसी सदस्य मिश्रा, सेवादल महानगर अध्यक्ष बसंत मिश्रा, महिला महानगर अध्यक्ष नाजिश फातिमा, एनएसयूआई अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, पूर्व पार्षद जनार्दन मिश्रा, डॉ. विनोद गुप्ता, एससी–एसटी प्रकोष्ठ अध्यक्ष रामसागर रावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।