Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर 15 मई को जिले की 899 ग्राम पंचायतों में लगेगी ग्रीन चौपाल

15 मई को जिले की 899 ग्राम पंचायतों में लगेगी ग्रीन चौपाल

0

अम्बेडकर नगर। पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आगामी 15 मई को जिले की सभी 899 ग्राम पंचायतों में ग्रीन चौपाल का आयोजन किया जाएगा। शुक्रवार को पूर्वाह्न नौ बजे से दस बजे तक आयोजित होने वाले इस अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज सदरपुर के ऑडिटोरियम में बैठक हुई।

जिलाधिकारी ईशा प्रिया के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने की। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योत्स्ना बंधु, जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव, लेखपाल एवं ग्राम प्रधान मौजूद रहे।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को ग्रीन चौपाल के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम स्तर पर अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत समय से सभी तैयारियां पूरी कर ले।

उन्होंने बताया कि ग्रीन चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को वृक्षारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा पौधों की नियमित देखभाल और निगरानी के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही आगामी एक माह की वृक्षारोपण कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

सीडीओ ने कहा कि ग्रीन चौपाल केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास की दिशा में जनभागीदारी आधारित महत्वपूर्ण अभियान है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में हरित चेतना विकसित कर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जाएगा।

बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम को प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं परिणामपरक बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version