जलालपुर, अंबेडकरनगर। शनिवार को जलालपुर तहसील सभागार में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मनोनीत पांच सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही, जिससे आयोजन को खास महत्व मिला।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष एवं अयोध्या धाम प्रभारी मिथिलेश त्रिपाठी ने शिरकत की। उन्होंने नवनियुक्त सभासदों को बधाई देते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी जनता की सेवा का अवसर है, जिसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाना चाहिए। उन्होंने सभासदों से नगर के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की अपील की।
इस दौरान उपजिलाधिकारी द्वारा सुरेश गुप्ता, विकास सोनकर, आसाराम, रामवृक्ष भार्गव एवं गौरव उपाध्याय को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष खुर्शीद जहां, अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार भाजपा नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरि, राम प्रकाश यादव, संजीव मिश्रा, गोपाल कृष्ण कसौधन, चंद्रिका प्रसाद सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और सभासद मौजूद रहे।
समारोह के बाद नवनियुक्त सभासदों ने नगर के विकास, स्वच्छता और जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।