जलालपुर अम्बेडकर नगर। जलालपुर-अकबरपुर मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण की कवायद ने नगर के दुकानदारों और मकान मालिकों की नींद उड़ा दी है। मंगलवार को लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क के मध्य से तय मानक सीमा में आने वाले 53 मकानों और दुकानों पर नोटिस चस्पा किए गए, जिससे नगर में हड़कंप मच गया।
नोटिस में स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि 15 दिनों के भीतर मकान मालिक और दुकानदार स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा विभाग द्वारा प्रशासन की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। पीडब्ल्यूडी की इस कार्यवाही से प्रभावित दुकानदारों में असमंजस और चिंता का माहौल है।
बता दें कि राजस्व विभाग और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम द्वारा कुछ दिनों पूर्व सीमांकन कर मानक के अनुरूप दायरा तय किया गया था। उसी के आधार पर अब चिन्हित दुकानों और मकानों को नोटिस दिए जा रहे हैं। दुकानों के बाहर चस्पा नोटिस पर अधिशासी अभियंता अश्विनी कुमार के हस्ताक्षर दर्ज हैं।
नगरवासियों का कहना है कि यदि प्रशासन द्वारा जबरन कार्रवाई की जाती है तो कई वर्षों से संचालित दुकानों पर असर पड़ेगा। वहीं, विभागीय सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई सड़क चौड़ीकरण और यातायात सुधार की दिशा में आवश्यक कदम है।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि अतिक्रमण हटाने की यह मुहिम वास्तव में कितना असर दिखाती है या फिर पहले की तरह यह कवायद भी फाइलों में दबी रह जाएगी।