अम्बेडकरनगर। वर्तमान रबी विपणन वर्ष में मूल्य समर्थन योजना के तहत गेहूं खरीद की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे शासन नामित नोडल अधिकारी मनोज कुमार ने गुरुवार को जिले के विभिन्न क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खरीद प्रक्रिया की हकीकत परखी और लक्ष्य के अनुरूप खरीद बढ़ाने के निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी ने पीसीयू द्वारा संचालित अटवाई समसुद्दीनपुर, पीसीएफ के बीपैक्स डोमनेपुर तथा खाद्य विभाग के कटेहरी प्रथम गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर तौल के लिए रखी गेहूं की बोरियों का रैंडम वजन चेक कराया और मौके पर मौजूद किसानों से खरीद व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक किसानों से संपर्क कर खरीद लक्ष्य पूरा किया जाए।
निरीक्षण के बाद सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में विशेष सचिव ने केंद्रवार खरीद प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने ऐसे क्रय केंद्रों, जहां औसत खरीद 22 प्रतिशत से कम है, के जिम्मेदार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही खरीद की गति तेज करने और व्यवस्था में सुधार लाने पर जोर दिया।
उन्होंने बोरे की उपलब्धता की भी समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि किसी भी केंद्र पर बोरे की कमी नहीं होनी चाहिए। कमी पाए जाने पर तत्काल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। बैठक में जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी, एआर कोऑपरेटिव, विभिन्न क्रय एजेंसियों के जिला प्रबंधक, मंडी सचिव व भारतीय खाद्य निगम के अधिकारी मौजूद रहे।