जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली हिंदू छात्रा के धर्म परिवर्तन की खबर सोमवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने से क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि छात्रा आजमगढ़ जनपद स्थित एक कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान उसके मुस्लिम धर्म अपनाने की जानकारी सामने आई है।
परिजनों के अनुसार छात्रा पढ़ाई में काफी होनहार थी। परिजनों ने उसकी बेहतर शिक्षा के लिए आजमगढ़ जनपद स्थित कॉलेज में उसका प्रवेश कराया था। बताया जा रहा है कि कॉलेज में पढ़ाई के दौरान उसकी कुछ मुस्लिम छात्राओं से मित्रता हुई। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान छात्रा को कथित रूप से प्रभावित कर धर्म परिवर्तन के लिए तैयार किया गया। यह भी बताया जा रहा है कि छात्रा एक मुस्लिम युवक के संपर्क में आ गई थी।
छात्रा के धर्म परिवर्तन की जानकारी सामने आने के बाद परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही जानकारी को लेकर क्षेत्र में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, धर्म परिवर्तन के कारणों और पूरे घटनाक्रम की स्वतंत्र रूप से पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।