Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या मड़ना उपरहार में 5.82 करोड़ से बना मल्टीपरपज बाढ़ शरणालय तैयार

मड़ना उपरहार में 5.82 करोड़ से बना मल्टीपरपज बाढ़ शरणालय तैयार

0

◆  आपदा के समय 300 लोगों के ठहरने की होगी व्यवस्था


अयोध्या। जिले में बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों को मजबूत करने के लिए सदर तहसील के मड़ना उपरहार में 5.82 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मल्टीपरपज बाढ़ शरणालय भवन तैयार हो गया है। राजस्व विभाग की परियोजना के तहत लोक निर्माण विभाग (खंड-दो) ने इसका निर्माण कराया है। यह भवन करीब 2400 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनाया गया है। निर्माण कार्य 14 जून 2025 को शुरू हुआ था और निर्धारित अवधि में पूरा कर लिया गया। आपदा की स्थिति में यहां 300 लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है।

भवन में शौचालय, स्नानघर, रसोई, पेयजल, चिकित्सा कक्ष, स्टोर रूम, प्रकाश और वेंटिलेशन की सुविधाएं उपलब्ध हैं। बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए सोलर पैनल और जनरेटर की व्यवस्था भी की गई है। महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अलग व्यवस्थाएं की गई हैं।

जिला आपदा विशेषज्ञ अधिकारी यथार्थ तिवारी ने बताया कि शरणालय का उपयोग केवल बाढ़ के दौरान ही नहीं, बल्कि आग, भूकंप जैसी अन्य आपदाओं तथा सामूहिक राहत कार्यों में भी किया जा सकेगा। सामान्य परिस्थितियों में इसका उपयोग सामुदायिक गतिविधियों के लिए भी किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि भवन का निर्माण बाढ़ के संभावित उच्च जलस्तर को ध्यान में रखकर किया गया है। इसके लिए ऊंचा प्लिंथ, मजबूत दीवारें और जल निकासी की समुचित व्यवस्था की गई है। निर्माण में मानक के अनुरूप सामग्री का उपयोग किया गया है। अधिकारियों के अनुसार शरणालय के संचालन से राहत एवं बचाव कार्यों में आसानी होगी। आवश्यकता पड़ने पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें यहां से राहत अभियान संचालित कर सकेंगी। पर्याप्त स्थान होने के कारण आपदा के समय प्रभावित लोगों को अस्थायी रूप से सुरक्षित ठहराया जा सकेगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version