अयोध्या। शहर के कृष्णा पैलेस होटल में कृष्णा सोलर इंडस्ट्रीज द्वारा, Tata Power Solar और SIDBI के सहयोग से एमएसएमई सोलर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय उद्यमियों को सोलर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित किया गया और किफायती वित्तपोषण योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उद्योगपति सुमित जायसवाल उपस्थित रहे। वहीं सिडबी के जीएम जयकुमार गुप्ता, टाटा पावर सोलर के वरिष्ठ अधिकारी जाफर तथा जिले के वरिष्ठ सीए सज्जन अग्रवाल भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आयोजन कृष्णा सोलर इंडस्ट्रीज के चैनल पार्टनर उदय प्रताप सिंह द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अयोध्या क्षेत्र के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को सोलर ऊर्जा के प्रति जागरूक करना और उन्हें आसान ऋण सुविधा उपलब्ध कराना रहा। सिडबी के माध्यम से एमएसएमई इकाइयों को टाटा पावर सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाने के लिए किफायती दरों पर लोन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनकी बिजली लागत में कमी आएगी और व्यवसाय को हरित ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकेगा।
इस दौरान उद्यमियों को सोलर रूफटॉप के फायदे, सरकारी सब्सिडी और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि इस पहल से अयोध्या के एमएसएमई क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।