◆ पुलिस ने चोरी की मोटर बरामद कर आरोपियों को भेजा जेल
जलालपुर, अंबेडकर नगर। कटका पुलिस ने खेतों से मोटर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई मोटर भी बरामद कर ली। पकड़े गए आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। कटका थाना क्षेत्र के नेवरी गांव निवासी आसिफ ने 24 मई को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि खेत में सिंचाई के लिए लगाया गया मोटर चोरी हो गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर अमड़ी के पास घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने मोटर चोरी की घटना स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की मोटर बरामद कर ली। गिरफ्तार आरोपियों में भगवानपुर मंझरिया निवासी सूरज निषाद, अहिरौली गोविंद साहब निवासी करण निषाद, कौड़ाही थाना बसखारी निवासी सूरज निषाद तथा इंदईपुर थाना बसखारी निवासी विशाल निषाद शामिल हैं। थानाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है।