अयोध्या। जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बुधवार को चौक बाजार में व्यापारियों से मुलाकात कर जीएसटी रिफॉर्म 2.0 से होने वाले लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नई कर संरचना से न केवल छोटे व्यापारियों को राहत मिलेगी, बल्कि उपभोक्ताओं की क्रय क्षमता भी बढ़ेगी। आवश्यक वस्तुएँ शून्य या 5 प्रतिशत की न्यूनतम दर पर उपलब्ध होंगी। किसानों के लिए ट्रैक्टर व कृषि यंत्रों पर कर घटाकर 5 प्रतिशत किया गया है, जबकि जीवन रक्षक दवाओं को पूरी तरह टैक्स मुक्त कर दिया गया है।
मौके पर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि सरकार लगातार व्यापारी हितैषी फैसले ले रही है। उन्होंने कहा कि जीएसटी सुधारों से कारोबारियों की परेशानियाँ कम होंगी और पारदर्शिता बढ़ेगी। वहीं विधायक रामचन्दर यादव ने कहा कि नई दरें लागू होने से गाँव-गाँव तक उपभोक्ता लाभान्वित होंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा।
