आलापुर, अंबेडकर नगर। अधिशासी अभियंता आलापुर अवधेश कुमार यादव के नेतृत्व में मंगलवार को विद्युत विभाग द्वारा न्यौरी गांव में एक दिवसीय मेगा कैंप का आयोजन किया गया। इस विशेष कैंप का उद्देश्य उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना रहा।
कैंप के दौरान कुल 38 उपभोक्ताओं ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें सबसे अधिक मामले त्रुटिपूर्ण बिजली बिल और मीटर की खराबी से संबंधित रहे। अधिशासी अभियंता अवधेश कुमार यादव ने उपभोक्ताओं को आश्वासन देते हुए कहा कि सभी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को निर्देशित किया कि उपभोक्ता संतुष्टि को प्राथमिकता दी जाए।
मेगा कैंप में उपखंड अधिकारी तेंदुआई कला कुमार अनिकेत के नेतृत्व में कार्यकारी सहायक मनीष यादव द्वारा सभी 38 त्रुटिपूर्ण बिलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इस दौरान उपभोक्ताओं से एक लाख 19 हजार पांच सौ 12 रुपए की धनराशि भी राजस्व के रूप में जमा की गई।
अवर अभियंता न्यौरी प्रशांत तिवारी ने बताया कि उपभोक्ताओं द्वारा दी गई शिकायतों जैसे वोल्टेज, मीटर, लोड आदि से विभाग को अवगत कराया गया है और जल्द से जल्द सभी मामलों का समाधान किया जाएगा। कैंप के दौरान लोड बढ़ाने की प्रक्रिया भी संपन्न कराई गई।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता अवधेश कुमार यादव, उपखंड अधिकारी कुमार अनिकेत, अवर अभियंता प्रशांत तिवारी, कार्यकारी सहायक मनीष यादव सहित विद्युत विभाग के कई कर्मचारी जैसे टीजी-2 महेंद्र गुप्ता, राहुल प्रजापति, पंकज मिश्रा, विनोद कुमार, नंदन, गंगाराम, प्रशांत नफीस, राकेश व विजय प्रताप उपस्थित रहे।