अयोध्या। उत्तर प्रदेश विधानसभा की संसदीय अनुश्रवण समिति 2025-26 की उपसमिति की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में मांझी समाज के जाति प्रमाण पत्र से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता समिति के सदस्य संयोजक विधायक आशीष सिंह आशु ने की। इस दौरान समिति के सदस्य विधायक अभय सिंह एवं विधायक वेद प्रकाश गुप्ता भी उपस्थित रहे। बैठक में संयुक्त सचिव नीरज कुमार सचान, अनुभाग अधिकारी अंकित त्रिपाठी, प्रतिवेदक दिनेश पाल सहित मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (एलओ), अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), विभिन्न तहसीलों के उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में विशेष रूप से समाज कल्याण एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ मांझी समाज के जाति प्रमाण पत्र संबंधी मामलों पर विचार-विमर्श किया गया। समिति ने पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से पहुंचाने, प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं संवेदनशीलता सुनिश्चित करने पर बल दिया।
अनुश्रवण समिति ने शासन की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान, विकास कार्यों की गुणवत्ता तथा विभागीय समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। बैठक में विचाराधीन दो प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।