Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या ‘नगर सरकार आपके द्वार’ में महापौर का आश्वासन, जलवानपुरा की सड़क होगी...

‘नगर सरकार आपके द्वार’ में महापौर का आश्वासन, जलवानपुरा की सड़क होगी ऊंची

0

अयोध्या। नगर निगम के ‘नगर की सरकार आपके द्वार’ अभियान के तहत शुक्रवार को हनुमान कुंड वार्ड में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महापौर ने क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और जलवानपुरा क्षेत्र की सड़क को ऊंचा कराने का आश्वासन दिया।

सुबह करीब 9 बजे बिरला मंदिर के उत्तरी छोर से भ्रमण की शुरुआत हुई। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए महापौर ने कुछ स्थानों पर गोबर जमा होने पर नाराजगी जताई और तत्काल सफाई के निर्देश दिए। श्रीराम भोजनालय के पास रुककर उन्होंने दुकानदारों से बातचीत की और कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में डालने की हिदायत दी।

आगे बढ़ने पर बिरला मंदिर के पीछे स्थित जलवानपुरा में स्थानीय लोगों ने जलभराव की गंभीर समस्या उठाई। निवासी रामनाथ पांडे ने बताया कि बरसात के समय घरों में रहना मुश्किल हो जाता है। इस पर पार्षद प्रतिनिधि ने सड़क ऊंची करने की आवश्यकता बताई। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने जानकारी दी कि जल निगम द्वारा सीवर लाइन बिछाने का कार्य जारी है, जिसे दो माह में पूरा करने का आश्वासन दिया गया है। महापौर ने निर्देश दिया कि तय समय में कार्य पूरा कर सड़क नगर निगम को सौंप दी जाए, ताकि उसके बाद सड़क ऊंची करने का कार्य शुरू किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान पेयजल समस्या भी सामने आई। स्थानीय निवासी सुबोध नारायण झा की शिकायत पर महापौर ने जल निगम को नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नालियों की मैनपावर से सफाई कराने, खराब स्ट्रीट लाइट ठीक करने और जलभराव वाले स्थानों पर पंप लगाकर पानी निकालने के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान नागरिक सिद्धार्थ ने महापौर, नगर आयुक्त और पार्षद प्रतिनिधि का सम्मान किया। महापौर ने दंतधावन कुंड व अंबेडकर पार्क के पास वाटर कूलर लगाने तथा क्षेत्र की अन्य आवश्यकताओं को भी शीघ्र पूरा कराने का भरोसा दिलाया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version