अम्बेडकर नगर। टांडा पुलिस ने एक बड़ी फर्जीवाड़े की घटना का खुलासा करते हुए 9.31 लाख रुपये की अवैध निकासी में संलिप्त महिला को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई है।
गिरफ्तार की गई महिला की पहचान शीला देवी पत्नी मुन्ना कुमार, निवासी ग्राम शाहपुर कुरमौल, थाना टांडा,के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 11 जुलाई की सुबह उसके गांव से गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के उपरांत न्यायालय भेज दिया है।
आधार कार्ड से हेरफेर कर किया लाखों का खेल
पुलिस के अनुसार, इस फर्जीवाड़े का खुलासा उस समय हुआ जब नम्रता दूबे पत्नी शिशिर कुमार, निवासी फूलपुर जमुनीपुर, ने बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा मालीपुर में लिखित शिकायत देकर बताया कि उनके खाते से बिना अनुमति लाखों रुपये की निकासी की गई है।
बैंक की आंतरिक जांच में यह सामने आया कि 13 सितंबर 2022 को शीला देवी ने आधार नंबर की धोखाधड़ी करते हुए अपने आधार को नम्रता दूबे के खाते में फीड करा दिया। इस पूरे कृत्य में मुबारकपुर ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक आशीष कुमार यादव की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई, जिन्होंने आधार से लिंकिंग में मदद की।
इसके बाद तीन जनवरी 2024 से 28 मई 2024 के बीच, थंब इंप्रेशन के माध्यम से आठ लाख एक हजार नकद और अन्य राशियां निकाली गईं। यही नहीं एक लाख की एक एफडी भी कराई गई और एक लाख,30 हजार की अतिरिक्त निकासी भीम आधार के माध्यम से मर्चेंट जुनैद अख्तर के यहां से की गई। खाताधारक के खाते से नौ लाख 31 हजार की अवैध निकासी हुई। बैंक द्वारा उक्त एफडी पर तत्काल रोक लगा दिया गया है। पुलिस की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि शीला देवी व बीसी संचालक आशीष यादव ने आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए गंभीर आर्थिक अपराध को अंजाम दिया है।