Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान

विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान

0

जैतपुर अंबेडकरनगर। जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। ग्रामसभा गोविंदपुर मारिकपुर की रहने वाली 34 वर्षीय इंदू यादव ने खंडहरनुमा प्राइमरी विद्यालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं सात माह की मासूम बच्ची के सिर से मां का साया उठ जाने से हर कोई स्तब्ध है।
बताया जाता है कि इंदू यादव की शादी बसखारी थाना क्षेत्र के मरौचा निवासी उमाशंकर यादव के साथ हुई थी। उनके एक सात माह की दुधमुंही बच्ची है, जिसका जन्म ऑपरेशन से हुआ था। प्रसव के बाद से ही इंदू अपने मायके गोविंदपुर मारिकपुर में रहकर अकबरपुर से इलाज करा रही थीं। उनके पति कानपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
परिजनों के अनुसार, सोमवार की सुबह इंदू ने अपनी मां से अकबरपुर दवा लेने जाने की बात कही और घर से निकल गईं। इस दौरान उन्होंने अपनी बच्ची और मोबाइल घर पर ही छोड़ दिया। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई। बड़े भाई राजकुमार ने उनकी तलाश शुरू की।
खोजबीन के दौरान जब वह गांव के पास स्थित खंडहरनुमा प्राइमरी विद्यालय के पास पहुंचे तो टूटी खिड़की से टॉर्च की रोशनी अंदर डाली। अंदर का दृश्य देख उनके होश उड़ गए। इंदू यादव कमरे के भीतर छत में लगे कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटकी हुई थीं।
घटना की सूचना तत्काल परिजनों और पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना अध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार आजाद ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version