जलालपुर अंबेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के गौरा कमाल गांव में सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने एक मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये का माल पार कर दिया। घटना के दौरान घर के लोग छठ पर्व मनाने के लिए घाट पर गए हुए थे। जानकारी के अनुसार सरिता सिंह पत्नी पीयूष सिंह, जो स्टाफ नर्स हैं, अपने परिवार के साथ छठ पर्व मनाने गई थीं। इसी बीच चोरों ने मौका पाकर घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी व बक्सों का ताला तोड़कर लगभग पाँच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण एवं 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
सुबह घर लौटने पर परिवार के लोग अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। घर का ताला टूटा हुआ था और सारा सामान बिखरा पड़ा था। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है। कोतवाल ने बताया कि घटना में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है, जल्द ही चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी तथा चोरी गया माल बरामद कराया जाएगा। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।