◆ संतों के साथ मुख्यमंत्री ने खींचा रामरथ, पुष्पवर्षा और जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा सरयू तट
अयोध्या। सरयू तट के समीप जब पुष्पक विमान रूपी हेलीकाप्टर से प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के स्वरूप उतरे तो उनके स्वागत के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हाथ जोड़कर खड़े थे। प्रभु के आगमन के साथ ही श्रद्धालुओं के जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा परिसर गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने प्रभु श्रीराम को माला पहनाकर और तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया। हाथों में पुष्प, आंखों में श्रद्धा और होठों पर रामनाम लिए श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। दीपोत्सव के इस दृश्य ने त्रेतायुग में प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन की स्मृतियों को जीवंत कर दिया।
संतों के साथ मुख्यमंत्री ने खींचा रामरथ, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के स्वरूप रथ पर विराजमान हुए तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संतों के साथ आगे बढ़े और अपने हाथों से रामरथ खींचा। रथ के आगे बढ़ते ही आकाश से पुष्पवर्षा होने लगी। फूलों से सजे रामरथ पर बरसते पुष्पों ने पूरे वातावरण को दिव्य बना दिया। शंखनाद, भजनों की स्वर लहरियों और जय श्रीराम के उद्घोष के बीच श्रद्धालु रामभक्ति में सराबोर नजर आए। मुख्यमंत्री का संतों के साथ रामरथ खींचना दीपोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहा।
भजनों की गूंज से राममय हुआ परिसर
रामरथ के आगे बढ़ने के साथ रामकथा पार्क और आसपास का पूरा क्षेत्र राममय हो उठा। प्रभु के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। आकाश से बरसते फूल, भजनों की मधुर धुन और एक साथ गूंजते जय श्रीराम के उद्घोष ने दीपोत्सव की दिव्यता को और बढ़ा दिया। श्रद्धालुओं की आस्था और उल्लास से सरयू तट का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
रामकथा पार्क में विराजे प्रभु, मुख्यमंत्री ने संतों का किया अभिनंदन
रामरथ यात्रा के बाद प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के स्वरूप रामकथा पार्क पहुंचे और सुसज्जित मंच पर विराजमान हुए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच के समक्ष उपस्थित संतों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। प्रभु के स्वरूपों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की निगाहें मंच पर टिकी रहीं। संतों की उपस्थिति और रामभक्ति में डूबे श्रद्धालुओं के उत्साह ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक उल्लास से भर दिया।
रामायण के प्रसंगों पर आधारित चित्रों की फोटो गैलरी देखी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या का दीपोत्सव आस्था, संस्कृति और परंपरा का वैश्विक आयोजन बनकर उभरा है। प्रदेश सरकार के प्रयासों से रामनगरी की धार्मिक पहचान, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन को नई पहचान मिली है। दीपों की ज्योति, रामनाम की गूंज और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था के बीच दीपोत्सव ने एक बार फिर अयोध्या के गौरव और श्रीराम के आदर्शों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया।