जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के लाभापार गांव में बरीक्षा कार्यक्रम के दौरान असलहे से हर्ष फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने लाइसेंसधारी अनुराग राजभर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवाल्वर जब्त कर शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, लाभापार गांव निवासी रामनयन राजभर के बड़े पुत्र का शुक्रवार शाम बरीक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों के अलावा गांव के अन्य लोग भी शामिल हुए थे। इसी दौरान अनुराग राजभर ने लाइसेंसी असलहे से हर्ष फायरिंग की। कार्यक्रम में मौजूद किसी व्यक्ति ने फायरिंग का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। जांच में हर्ष फायरिंग की पुष्टि होने पर उपनिरीक्षक विवेक मिश्र की तहरीर पर अनुराग राजभर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लाइसेंसी रिवाल्वर जब्त कर लिया है। वहीं, शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने के लिए रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
इस संबंध में जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि हर्ष फायरिंग के मामले में असलहे को जब्त कर लिया गया है। शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने के लिए रिपोर्ट तैयार की जा रही है।