Saturday, August 22, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरलेखपालों ने किया विरोध प्रदर्शन, कार्रवाई पर रोक की मांग

लेखपालों ने किया विरोध प्रदर्शन, कार्रवाई पर रोक की मांग


जलालपुर, अंबेडकर नगर। अयोध्या जनपद की सोहावल तहसील में लेखपाल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संगठन की कार्रवाई से आक्रोशित लेखपालों ने शनिवार को प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन किया। जलालपुर तहसील में भी लेखपालों ने थाना समाधान दिवस का बहिष्कार कर तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद उप जिलाधिकारी मधुमिता सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर लेखपालों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की।

बताया गया कि बीते 20 अगस्त को अयोध्या की सोहावल तहसील में लेखपाल उत्कर्ष दीप को पैमाइश के नाम पर कथित अवैध वसूली के आरोप में एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई के विरोध में प्रदेशभर के लेखपालों ने अपने-अपने तहसील मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया।

जलालपुर लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष जयकरण पाल ने कहा कि लेखपाल भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण सहित शासन-प्रशासन की विभिन्न योजनाओं में पूरी निष्ठा और निष्पक्षता से कार्य करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अवैध रूप से काम करने वाले कुछ लोग निजी स्वार्थ और दुर्भावना के चलते कई बार लेखपालों को झूठे मामलों में फंसाने का प्रयास करते हैं। इससे लेखपालों का मनोबल प्रभावित होता है।

उन्होंने मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में सोहावल के लेखपाल उत्कर्ष दीप के खिलाफ हुई कार्रवाई की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, दुर्भावनापूर्ण तरीके से ट्रैप की कार्रवाई पर रोक लगाने तथा भ्रष्टाचार निवारण संगठन, एंटी करप्शन और विजिलेंस विभाग की कार्रवाई को पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने की मांग की।

इस दौरान लेखपाल धर्मेंद्र सिंह, बृजेश वर्मा, गुलराज बानो, सुमित यादव, मिथिलेश यादव, वीरेंद्र सिंह सहित अन्य लेखपाल मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments