Saturday, August 22, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरशिवबाबा धाम में 292 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, सामूहिक विवाह...

शिवबाबा धाम में 292 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, सामूहिक विवाह समारोह में गूंजे मंगलगीत


अंबेडकर नगर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को शिवबाबा धाम, अकबरपुर में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न विकासखंडों और नगर निकायों से चयनित वर-वधुओं ने अपनी सामाजिक व धार्मिक परंपराओं के अनुसार विवाह की रस्में निभाईं। प्रस्तावित 312 जोड़ों में से 292 जोड़ों का विवाह विधि-विधान से संपन्न कराया गया। इस दौरान नवदंपतियों के चेहरों पर नई जिंदगी की शुरुआत की खुशी साफ झलक रही थी।

समारोह में विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडे, कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, प्रशासक एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट थनिगईयरसन टी समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखी और समृद्ध दांपत्य जीवन की कामना की।

विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत है। सरकार बिना भेदभाव पात्र लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने नवदंपतियों को सुखी एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।

कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद ने कहा कि योजना के माध्यम से अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और सामान्य वर्ग के जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सरकार सहयोग कर रही है। सामूहिक विवाह से आर्थिक बोझ कम होने के साथ ही सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को भी बढ़ावा मिल रहा है।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 926 विवाह कराने का लक्ष्य निर्धारित है। शनिवार को शिवबाबा धाम में 312 कन्याओं का विवाह प्रस्तावित था, जिनमें 292 का विवाह संपन्न हुआ। योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किए जाते हैं।

इसमें 21 हजार रुपये की विवाह उपहार सामग्री, 15 हजार रुपये आयोजन व्यवस्था और 64 हजार रुपये की धनराशि विवाहित कन्या के बैंक खाते में सीधे भेजी जाती है।

समारोह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पांच नवदंपतियों को प्रतीकात्मक रूप से प्रमाण पत्र प्रदान किए। प्रस्तावित चार मुस्लिम वधुओं में से एक का विवाह भी समारोह के दौरान संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में शामिल वर-वधुओं और उनके स्वजन ने जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की। अंत में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार जताते हुए आयोजन की सफलता में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments