जलालपुर, अंबेडकर नगर। तहसील जलालपुर में तैनात कानूनगो शिव पूजन का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उन्होंने टांडा के सद्दरपुर स्थित महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से राजस्व विभाग सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जाता है कि शिव पूजन आगामी डेढ़ वर्ष में सेवानिवृत्त होने वाले थे। वह अपनी कर्तव्यनिष्ठा और कर्मठ कार्यशैली के लिए जाने जाते थे। उनके असमय निधन से जहां परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं विभाग के सहकर्मियों में भी गहरा शोक व्याप्त है।
उपजिलाधिकारी राहुल कुमार गुप्ता ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि शिव पूजन एक मेहनती, ईमानदार और जिम्मेदार अधिकारी थे। उनके निधन से विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है। तहसीलदार निखिलेश कुमार ने कहा कि उनका कार्य व्यवहार और समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत था। लेखपाल संघ अध्यक्ष जयकरण पाल ने भी उन्हें सजग और सहयोगी अधिकारी बताते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की।
असमय मृत्यु की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार अमरनाथ द्विवेदी और भियांव नायब तहसीलदार हरिराम सहित कई राजस्व कर्मी श्मशान घाट पहुंचे और नम आंखों से अंतिम विदाई दी। विभाग के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक व्यक्त किया।