Sunday, August 23, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यास्वस्थ भारत के संकल्प संग अयोध्या में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

स्वस्थ भारत के संकल्प संग अयोध्या में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस


जिले में 4.36 लाख लोगों ने किया योग


अयोध्या। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शनिवार को अयोध्या में विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। आयुष मंत्रालय भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रमों में जिले भर में व्यापक जनभागीदारी देखने को मिली। इस वर्ष योग दिवस की थीम योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ (स्वस्थ आयु के लिए योग) रही।

मुख्य कार्यक्रम राम की पैड़ी पर आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने की। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जे.पी.एस. राठौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राम की पैड़ी पर आयोजित सामूहिक योगाभ्यास में करीब तीन हजार लोगों ने सहभागिता कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।



कार्यक्रम में विधायक चंद्रभान पासवान, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, निवर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार भिटोरिया, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लालचंद, जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज सिन्हा, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. महेंद्र सिंह ‘विष्णु’ तथा जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

योग दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में 15 जून से योग सप्ताह का आयोजन किया गया था। महापौर गिरीश पति त्रिपाठी द्वारा ‘रन फॉर योग’ कार्यक्रम के शुभारंभ के साथ शुरू हुए अभियान के दौरान 15 से 21 जून तक जनपद में लगभग 4 लाख 36 हजार लोगों ने योग गतिविधियों में भाग लिया।

जिले के सभी विकासखंडों, ग्राम पंचायतों, तहसीलों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, पुलिस लाइन, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ तथा अन्य सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों में भी योगाभ्यास कराया गया। योग कार्यक्रमों में पतंजलि योग संस्थान, गायत्री परिवार, ब्रह्माकुमारी, विश्व आयुर्वेद परिषद सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रशिक्षकों ने सहयोग किया।

आयुष विभाग की ओर से योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए स्लोगन एवं योग चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा रहा है। प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने की अंतिम तिथि 25 जून निर्धारित की गई है। राज्य स्तर पर विजेताओं को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

आयोजन को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, शिक्षा विभाग तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों और प्रशिक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। जिला प्रशासन ने योग दिवस कार्यक्रमों में सहभागिता करने वाले सभी नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments