अयोध्या। नगर के चौक क्षेत्र में शनिवार को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) श्रीयश त्रिपाठी ने किया। इस दौरान चौकी चौक प्रभारी मनोज त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अभियान को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए पीएसी और सिविल पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी।
अभियान के दौरान सड़क किनारे लगे ठेले, पटरी दुकानों और अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। वहीं मार्ग पर बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों को भी हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने का प्रयास किया गया। मिठाई की दुकानों के सामने किए गए अतिक्रमण पर भी कार्रवाई की गई।
प्रशासन का कहना है कि चौक क्षेत्र में प्रतिदिन लगने वाले जाम और यातायात बाधित होने की समस्या को देखते हुए यह अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों और ठेला संचालकों को चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण किए जाने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस और प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में कुछ समय के लिए हलचल का माहौल रहा, जबकि अभियान के बाद सड़कें अपेक्षाकृत साफ और व्यवस्थित दिखाई दीं।
क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि प्राय: चौक क्षेत्र में अतिक्रमण की शिकायत मिलती थी। शिकायत पर अतिक्रमण को हटाया गया है। नियत सीमा के बाहर दुकान लगाने पर कडी कारवाई की जाएगी। बेतरतीब खडे वाहनों का चलान कराया गया है।