Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर मालीपुर स्टेशन पर रुकी इंटरसिटी एक्सप्रेस, यात्रियों को मिली बड़ी राहत

मालीपुर स्टेशन पर रुकी इंटरसिटी एक्सप्रेस, यात्रियों को मिली बड़ी राहत

0

जलालपुर, अंबेडकर नगर। लंबे समय से उठ रही मांग आखिरकार बुधवार को पूरी हो गई। वाराणसी से लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस पहली बार मालीपुर रेलवे स्टेशन पर रुकी। ट्रेन के ठहराव से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल रहा। स्टेशन पर पहुंचे समाजसेवी धीरेंद्र कुमार यादव ने सहयोगियों के साथ ट्रेन चालक का माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर स्वागत किया।

मालीपुर रेलवे स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव को लेकर क्षेत्र के लोग लंबे समय से मांग कर रहे थे। समाजसेवी धीरेंद्र कुमार यादव ने रेल राज्य मंत्री, मंडल महाप्रबंधक समेत रेलवे के कई उच्च अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर जनहित में ट्रेन रोकने की मांग उठाई थी।

कोरोना काल के बाद वाराणसी-लखनऊ-बालामऊ पैसेंजर ट्रेन का संचालन बंद होने से क्षेत्र के यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और दर्शनार्थियों को लखनऊ या वाराणसी जाने के लिए अकबरपुर अथवा शाहगंज तक जाना पड़ता था।

इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव शुरू होने से अब क्षेत्र के हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी। मालीपुर रेलवे स्टेशन तीन जिलों की सीमा से जुड़ा होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं।

समाजसेवी धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि मालीपुर स्टेशन पर अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version