Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर अन्तर्जनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार शातिर गिरफ्तार; आभूषण व नकदी बरामद

अन्तर्जनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार शातिर गिरफ्तार; आभूषण व नकदी बरामद

0

जैतपुर अम्बेडकर नगर। जनपद में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कटका पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अन्तरजनपदीय चोरों के गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी के आभूषण व नकदी बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) डॉ. तेजवीर सिंह व क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थाना कटका प्रभारी अवधेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चार वांछित अभियुक्तों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपितों में रामनाथ उर्फ नत्था पुत्र परसादी, सोबरन पुत्र दर्शन, कन्तऊ उर्फ कान्ता राम पुत्र बिशेसर तथा हरदम पुत्र विशेसर शामिल हैं। सभी आरोपी थाना ईसानगर जनपद खीरी के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों पर विभिन्न जनपदों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। सोबरन पर करीब 15, रामनाथ उर्फ नत्था पर 36, कन्तऊ उर्फ कान्ता राम पर 31 तथा हरदम पर 10 मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस टीम ने आरोपितों को थाना क्षेत्र के फुलवारी चौराहे के पास से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से कटका थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं से संबंधित आभूषण व नकदी बरामद की गई है। इसमें रजनीश शुक्ला निवासी सेमरा पुरैना के घर से चोरी हुआ एक लॉकेट, एक जोड़ी पायल व पांच हजार रुपये तथा विजेंद्र बहादुर निवासी लवइया पलिया के घर से चोरी हुई एक जोड़ी पायल, एक कड़ा व 5200 रुपये नकद शामिल हैं। इसके अलावा जलालपुर थाना क्षेत्र के एक मुकदमे से संबंधित 4600 रुपये भी बरामद किए गए हैं।

थानाध्यक्ष अवधेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए कभी ईंट-भट्ठों पर मजदूरी, कभी कपड़ों की फेरी तो कभी जल मिशन में पाइप डालने का कार्य करते थे। मौका पाकर यह गिरोह घरों को निशाना बनाता और चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाता था।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक उस्मान गनी, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल आलोक तिवारी, साबिर अली, उदय प्रताप सिंह, अतप कुमार तथा कांस्टेबल हरेंद्र यादव सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version