अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के पर्यावरण विज्ञान विभाग ने विद्यार्थियों के लिए एक विशेष औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया। शनिवार को विभाग के छात्र-छात्राएं के.एम. शुगर मिल्स, अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने उद्योग में पर्यावरण प्रबंधन और प्रदूषण नियंत्रण की प्रक्रिया को नजदीक से देखा।
भ्रमण कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह के निर्देश पर किया गया। विभागाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार चौधरी ने बताया कि विद्यार्थियों ने क्रशिंग प्लांट, डिस्टिलरी, इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) और को-जनरेशन पावर यूनिट का अवलोकन किया। मिल के तकनीकी अधिकारियों ने उन्हें उत्पादन प्रक्रिया, अपशिष्ट प्रबंधन, प्रदूषण नियंत्रण और अक्षय ऊर्जा के प्रयोग की जानकारी दी।
डॉ. चौधरी ने कहा कि ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों को कक्षा की पढ़ाई को व्यवहारिक दृष्टिकोण से समझने का अवसर देते हैं और यह अनुभव भविष्य में शोध, परियोजनाओं और रोजगार के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा।
भ्रमण का नेतृत्व विभाग की संकाय सदस्य डॉ. नमिता गुप्ता और डॉ. संजीव कुमार श्रीवास्तव ने किया। छात्र-छात्राओं ने इसे अत्यंत लाभकारी बताते हुए कहा कि इस अनुभव ने उन्हें पर्यावरण विज्ञान के औद्योगिक अनुप्रयोगों को गहराई से समझने का अवसर प्रदान किया।
इस औद्योगिक भ्रमण में अनन्या अदिति बरनवाल, आस्था, सुहानी, ऋषिका, कंचन, विजय, प्रतिमा, सर्वेश, रजनीश, आलोक सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे।